Fear of flood in many areas of Delhi, access to Yamuna Bank metro station closed

दिल्ली के कई इलाको में बाढ़ की आशंका, यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर जाने का रास्ता हुआ बंद

देश की राजधानी में हाई अलर्ट जारी किया गया है क्योंकि दिल्ली के कई इलाके इस समय बाढ़ की चपेट में है। यमुना नदी का जलस्तर आज सुबह 7 बजे 208.46 मीटर पहुंच गया। लगातार हुई तेज बारिश और हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण यमुना में पानी बढ़ता ही जा रहा है। इस बाढ़ का असर काफी हद तक दिल्ली मेट्रो पर भी पड़ा है। बता दें कि आज सुबह बाढ़ के कारण रेड लाइन यमुना पुल पर मेट्रो की स्पीड कम कर दी गई है। दिल्ली में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। इस बाढ़ के चलते तीन वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद करने पड़े हैं जिसके कारण कई इलाकों में 2-3 दिनों तक पानी की सप्लाई बंद रहेगी l

दिल्ली के बहुत सारे इलाको में लोगों के मकानों में पानी घुस गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लगभग 16 हजार से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। ISBT कश्मीरी गेट पर 3 से 4 फीट अधिक पानी भरा है। बाढ़ के चलते निगम बोध घाट बंद कर दिया गया है। ‘लोहा पुल’ इलाके में लोग घरों और मंदिर की छतों पर रहने के लिए मजबूर हैं। यमुना नदी कल दोपहर 1 बजे बाढ़ के उच्चतम रेकॉर्ड 207.49 मीटर को पार कर गई थी। यमुना का पानी स्तर बढ़ने से आज जीटी करनाल रोड पर पानी आ गया, जिससे ट्रैफिक काफी प्रभावित हुआ। जिसके चलते कश्मीरी गेट पास निचले इलाकों में भी पानी भर गया है। सड़को पर घुटनो तक पानी आ गया है l

दिल्ली के कई इलाकों में आज ट्रैफिक स्लो है। आपको बता दें कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों में दिल्ली पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर रखी है। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है और निचले इलाकों में आवाजाही न करने की चेतावनी दी है। साथ ही लोगो को यह भी चेतावनी दी है कि यमुना नदी में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, इसलिए बिजली लाइन से दूर रहें l किसी भी जरूरत की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1077 पर संपर्क करें।

बता दें कि यमुना का स्तर अधिक बढ़ने के बाद मेट्रो के आवागमन पर इसका बहुत ज्यादा असर हुआ है l जिसके चलते आज सुबह यमुना पुल पर दिल्ली मेट्रो की स्पीड कम कर दी गई। यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन पर जाने का रास्ता बंद कर दिया गया है। यमुना का पानी सड़को पर आने से जाम की स्थिति बन चुकी है l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *